01:16 Tue, Mar 10, 2026 IST
jalandhar
polution 66 aqi
29℃
translate:
Tue, Mar 10, 2026 11.26AM
jalandhar
translate:

हाट न्यूज़ इंडिया की खबर का असर - विवादित MK TRADING CO. बिल्डिंग फिर होगी सील ?

PUBLISH DATE: 09-03-2026

कमिश्नर संदीप ऋषि का बड़ा बयान
जल्दी जारी होगा दूसरा नोटिस, सीलिंग की प्रक्रिया भी होगी शुरू 


 


जालंधर, 9 मार्च : फगवाड़ा गेट स्थित विवादित MK TRADING CO. बिल्डिंग मामले में हाट न्यूज़ इंडिया की खबर के बाद नगर निगम प्रशासन की कार्रवाई तेज होती दिखाई दे रही है। नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि ने हाट न्यूज़ इंडिया से विशेष बातचीत में स्पष्ट किया कि उक्त विवादित बिल्डिंग के खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी और बिल्डिंग को दोबारा सील करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।


कमिश्नर संदीप ऋषि ने बताया कि संबंधित एटीपी द्वारा सोमवार को बिल्डिंग मालिक को दूसरा नोटिस जारी किया जाएगा। इसके साथ ही बिल्डिंग को सील करने संबंधी फाइल पर नोटिंग तैयार करवाई जा रही है, जिस पर उनके हस्ताक्षर करवाकर कानूनी प्रक्रिया के तहत सीलिंग की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण के मामलों में किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।


2019 में एक महीने की मोहलत के नाम पर खुली थी सील


सूत्रों के अनुसार इस मामले का एक अहम पहलू यह भी सामने आया है कि वर्ष 2019 में नगर निगम द्वारा इस बिल्डिंग को सील किया गया था, लेकिन बाद में एक सुनियोजित रणनीति के तहत बिल्डिंग मालिक को एक महीने की मोहलत देकर सील खुलवाई गई थी, ताकि वह अपना सामान किसी दूसरी जगह शिफ्ट कर सकें। मगर हैरानी की बात यह है कि एक महीने की अवधि समाप्त होने के बाद न तो बिल्डिंग को दोबारा सील किया गया और न ही अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई हुई। इसके विपरीत, इसी दौरान कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से यहां निर्माण कार्य जारी रखा गया और ढांचा आगे बढ़ा दिया गया।


रिकॉर्ड में आज भी सील’, जमीन पर चल रहा था काम


नगर निगम के रिकॉर्ड में यह बिल्डिंग आज भी सीलदर्ज बताई जा रही है, जबकि मौके पर गतिविधियां चलती रही हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब रिकॉर्ड में बिल्डिंग सील है तो फिर इतने वर्षों तक वहां निर्माण और कारोबार कैसे चलता रहा। यह मामला अब नगर निगम की कार्यप्रणाली और कुछ अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर रहा है। माना जा रहा है कि यदि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होती है तो सील तोड़ने, रिकॉर्ड में हेराफेरी और अवैध निर्माण के नेटवर्क से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।


शहर की निगाहें अब निगम की कार्रवाई पर


फिलहाल पूरे मामले में शहर की निगाहें नगर निगम प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। कमिश्नर के स्पष्ट संकेत के बाद यह माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में MK TRADING CO. बिल्डिंग पर सीलिंग की कार्रवाई शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ एक बड़ा संदेश दे सकती है।