03:12 Thu, Mar 12, 2026 IST
jalandhar
polution 66 aqi
29℃
translate:
Thu, Mar 12, 2026 11.26AM
jalandhar
translate:

जिमखाना चुनाव से पहले तीसरे ग्रुप की सुगबुगाहट तेज

PUBLISH DATE: 12-03-2026

विजय सहदेव को सैक्रेटरी पद पर उतारने की तैयारी


जालंधर, 12 मार्च : जिमखाना क्लब के आगामी चुनावों को लेकर माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। बहुप्रतीक्षित एजीएम में अब केवल दो दिन का समय शेष रह गया है और इसके साथ ही क्लब की राजनीति में पल-पल नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों और पुराने चिर-विरोधी ग्रुपों के बीच बैठकों का दौर तेज हो गया है, वहीं क्लब के अंदर तीसरे ग्रुप के गठन की चर्चाएं भी जोर पकड़ती जा रही हैं।


सूत्रों के अनुसार इस बार क्लब की राजनीति में एक नया मोड़ आ सकता है। चर्चा है कि शहर के जाने-माने आर्किटेक्ट और समाजसेवी विजय सहदेव को नए ग्रुप की ओर से सैक्रेटरी पद का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। विजय सहदेव इससे पहले क्लब में एग्जीक्यूटिव मेंबर के रूप में कार्य कर चुके हैं और समाजसेवी संस्था रोटरी क्लब में भी उच्च पदों पर रहते हुए सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। जालंधर ही नहीं बल्कि पूरे दोआबा क्षेत्र में उनकी एक प्रतिष्ठित पहचान मानी जाती है।


 



 


बताया जा रहा है कि क्लब के कई पुराने सदस्य और शहर के गणमान्य लोग इस बार पारंपरिक गुटबाज़ी से अलग हटकर नए चेहरों को सामने लाने के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि दोनों प्रमुख ग्रुपों द्वारा क्लब सदस्यों के साथ कथित तौर पर बार-बार किए गए वादाखिलाफी, तानाशाही रवैया, सीमित लोगों को ही लगातार ऑफिस बियरर बनाना और क्लब हितों से ऊपर निजी स्वार्थ को रखने जैसे मुद्दों को लेकर सदस्यों में असंतोष की भावना गहराती जा रही है।


इसी असंतोष को देखते हुए क्लब के कई वरिष्ठ और प्रभावशाली सदस्य एक तीसरे विकल्प के तौर पर नए ग्रुप के गठन पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि यदि यह ग्रुप औपचारिक रूप से मैदान में उतरता है तो इस बार के जिमखाना चुनाव त्रिकोणीय मुकाबले में बदल सकते हैं।


फिलहाल एजीएम से पहले जारी बैठकों और अंदरखाने चल रही रणनीतियों ने चुनावी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है। आने वाले दो दिनों में यह साफ हो जाएगा कि जिमखाना क्लब के चुनाव में कौन-कौन से चेहरे मैदान में उतरते हैं और क्या वास्तव में तीसरा ग्रुप क्लब की राजनीति में नई करवट लाने में सफल हो पाता है।