03:11 Thu, Mar 12, 2026 IST
jalandhar
polution 66 aqi
29℃
translate:
Thu, Mar 12, 2026 11.26AM
jalandhar
translate:

MK TRADING CO. पर कार्रवाई का दावा हुआ हवा-हवाई ? 3 दिन बाद भी नहीं लगी सील, नगर निगम और कमिश्नर पर उठे गंभीर सवाल

PUBLISH DATE: 12-03-2026

क्या राजनीतिक दबाव के आगे झुक गया नगर निगम ?
सूत्रों का दावा बिल्डिंग मालिक खुलेआम कह रहा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता


 


जालंधर, 12 मार्च : फगवाड़ा गेट स्थित विवादित MK TRADING CO. बिल्डिंग को लेकर 9 मार्च को प्रकाशित खबर के बाद नगर निगम जालंधर के कमिश्नर संदीप ऋषि ने सख्त कार्रवाई और बिल्डिंग को दोबारा सील करने का दावा किया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि तीन दिन बीत जाने के बावजूद न तो बिल्डिंग सील हुई और न ही इस हाई-प्रोफाइल मामले में नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई दिखाई दी है।


ऐसे में अब शहर में यह बड़ा सवाल उठने लगा है कि आखिर ऐसी कौन-सी मजबूरी है कि खुद कार्रवाई का बयान देने के बावजूद नगर निगम प्रशासन अपने ही शब्दों पर अमल नहीं कर पा रहा। क्या इसके पीछे किसी बड़े राजनीतिक दबाव की भूमिका है या फिर मामला कहीं न कहीं प्रभाव और पैसों की ताकत के आगे दबा दिया गया है।


निगम की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल


शहर के कई सामाजिक और व्यापारी वर्गों का कहना है कि यदि अवैध निर्माण के इतने चर्चित मामले में भी नगर निगम कार्रवाई करने से हिचक रहा है तो इससे साफ संदेश जाता है कि कानून केवल आम लोगों के लिए ही सख्त है। लोगों के बीच चर्चा है कि क्या नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भ्रष्टाचार के बोझ तले इतने दब चुके हैं कि वे खुलकर कानून लागू करने की हिम्मत भी नहीं जुटा पा रहे। यदि एक विवादित बिल्डिंग, जो रिकॉर्ड में आज भी ‘सील’ दर्ज बताई जा रही है, उस पर भी कार्रवाई नहीं हो पा रही तो यह नगर निगम की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।


 



 


बिल्डिंग मालिक की डींगे”, कानून की परवाह नहीं ?


दूसरी ओर सूत्रों से यह भी जानकारी सामने आ रही है कि बिल्डिंग मालिक को कानून या प्रशासन की किसी कार्रवाई का कोई डर नहीं है। बताया जा रहा है कि वह शहर में खुलेआम यह कहते फिर रहे हैं कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। सूत्रों का दावा है कि बिल्डिंग मालिक यह तक कह रहे हैं कि उन्होंने शहर के कई मीडिया संस्थानों एवं पत्रकारों को अपने प्रभाव में ले रखा है और यदि कोई उनके खिलाफ खबर प्रकाशित भी करेगा तो उसे पैसों के बल पर “मैनेज” कर लिया जाएगा।


मार्किट प्रधान के आशीर्वाद की चर्चा


सूत्रों के अनुसार इस पूरे मामले में मार्किट के एक प्रधान का नाम भी चर्चाओं में है, जिनका बिल्डिंग मालिक को कथित आशीर्वाद प्राप्त बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि शहर के कुछ मीडिया कर्मी अक्सर उक्त प्रधान के पास बैठे दिखाई देते हैं और वही कुछ लालची किस्म के मीडिया वालों के साथ सेटिंग करवाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।


सामने खरीदी 3 नई दुकानें, बनने वाला है बड़ा शोरूम


सूत्रों से यह भी पता चला है कि कुछ समय पहले ही बिल्डिंग मालिक ने अपनी विवादित बिल्डिंग के ठीक सामने लगभग 3 करोड़ रुपये खर्च कर तीन दुकानें खरीदी हैं। बताया जा रहा है कि इन तीनों दुकानों को आपस में जोड़कर एक बड़ा शोरूम बनाने की योजना बनाई जा रही है।


अब सबकी निगाहें निगम पर


फिलहाल पूरे मामले में शहर की निगाहें एक बार फिर नगर निगम प्रशासन और खास तौर पर कमिश्नर की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। अब यह देखना होगा कि क्या नगर निगम वास्तव में कानून का पालन करवाता है या फिर यह मामला भी रसूख और दबाव के बीच कहीं ठंडे बस्ते में चला जाएगा।