नगर निगम के बड़े अधिकारी पर आयकर विभाग का शिकंजा !
2 करोड़ की पेनल्टी की चर्चा ! 100 करोड़ से अधिक बेनामी संपत्ति की जांच तेज !
2 नज़दीकियों पर जल्दी चल सकता है आयकर विभाग का डंडा !
जालंधर, 7 मार्च : जालंधर नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी पर आयकर विभाग की कार्रवाई को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग के इन्वेस्टिगेशन विंग ने उक्त अधिकारी के बैंक खातों की जांच के बाद करीब 2 करोड़ रुपये की पेनल्टी लगाए जाने की कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के मुताबिक अधिकारी के चार अलग-अलग बैंक खातों की जांच की गई, जिनमें आईसीआईसीआई बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, एक्सिस बैंक और एक अन्य निजी बैंक का खाता शामिल है। इन खातों में संदिग्ध लेन-देन को लेकर आयकर विभाग की जांच के बाद यह कार्रवाई सामने आई है। हालांकि आयकर विभाग के अधिकारी फिलहाल इस मामले में आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
सूत्रों का यह भी दावा है कि यह मामला अब आगे की विस्तृत जांच के लिए लुधियाना स्थित आयकर विभाग के अधिकारियों को ट्रांसफर कर दिया गया है, जहां मामले की अगली पड़ताल जारी है। सूत्रों की मानें तो संबंधित अधिकारी की 100 करोड़ रुपये से अधिक की अघोषित और बेनामी संपत्ति की भी जांच चल रही है। जांच के दायरे में उनके करीबी रिश्तेदार और दूसरे जिले के एक बड़े बिल्डर का नाम भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि आने वाले समय में करीब 19 से 20 करोड़ रुपये की अतिरिक्त पेनल्टी लगाने की तैयारी भी की जा रही है।
इसके अलावा उक्त अधिकारी पर जालंधर समेत अन्य जिलों में अवैध कॉलोनियां काटने और रियल एस्टेट से जुड़े कई विवादित मामलों में संलिप्त होने के आरोप भी लग रहे हैं। हालांकि अभी तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आयकर विभाग की जांच तेज होने से नगर निगम और रियल एस्टेट से जुड़े कई लोगों में हलचल मच गई है।
जल्दी ही शिकायतकर्ता की शिकायतें व आयकर विभाग द्वारा की गई कारवाई संबंधी सबूतों सहित विस्तृत रिपोर्ट अपने पाठकों के लिए पेश की जाएगी।
Latest News
HNI
Exclusive
- Latest Exclusives
- Daily news update
- intact news

